ईडी ने पंजाब में बुधवार (27 मार्च, 2024) को छापेमारी की. ये रेड पंजाब आबकारी विभाग के कमिश्नर वरुण रूजम के चंडीगढ़ के सेक्टर 20 स्थित घर पर चल रही है. एबीपी न्यूज को सूत्रों ने बताया कि इसके कुछ तार दिल्ली शराब नीति से जुड़े हो सकते हैं.
दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ही ईडी ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. फिर केजरीवाल को कोर्ट ने 28 मार्च तक ईडी हिरासत में भेज दिया. इस केस में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जेल में हैं.
केंद्रीय जांच एजेंसी का दावा है कि आबकारी नीति बनाने और लागू करने में गड़बड़ी है. इसके मुख्य साजिशकर्ता आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हैं. इसमें सिसोदिया और संजय सिंह सहित कई AAP नेता शामिल रहे हैं.
