पीएम मोदी, राहुल गांधी, मायावती और केजरीवाल सहित ये दिग्गज नेता करेंगे पंजाब में रैलियां
पंजाब में उम्मीदवारों के नामाकंन भरने के बाद चुनावी माहौल अब गरमा गया है। दरअसल, अब पंजाब में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता प्रचार के लिए आएंगे। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती नवांशहर में रैली करेंगी। सभी पार्टियों ने कार्यकर्ताओं को अभी से रैलियों की तैयारी में जुटने के लिए कह दिया है। उधर, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, जबकि आप से केजरीवाल व संजय सिंह जैसे नेता भी जल्द पंजाब आएंगे। इन सभी की रैलियों का शेड्यूल फाइनल हो रहा है।
शिरोमणि अकाली दल की ओर से सुखबीर बादल दो दिन पहले ही अमृतसर में व्यापारियों की एक बड़ी सभा को संबोधित करने के साथ साथ अजनाला, राजासांसी और अमृतसर में रोड शो व रैलियां करके गए हैं। इन कार्यक्रमों में पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी पार्टी के उम्मीदवार जोशी के पक्ष में प्रचार शुरू कर दिया है। सुखबीर बादल पूरे पंजाब में रैलियां कर रहे हैं। वह पंजाब बचाओ यात्रा के जरिये मतदाताओं से वोट मांग रहे हैं। शिअद का प्रचार फिलहाल सुखबीर बादल के ही भरोसे है।
सभी राजनीतिक पार्टियों ने कार्यकर्ताओं और अन्य नेताओं को स्पष्ट कर दिया है कि रैलियों को सफल बनाने के लिए जी जान लगा दें। उन्हें कहा गया है कि यह लोकसभा चुनाव विधायकों, पदाधिकारियों, पार्षदों और सरपंचों, पंचों के लिए अग्नि परीक्षा है। पार्षदों और सरपंचों तक की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। जो भी नेता इस परीक्षा से पास होगा उनको ही भविष्य में टिकट और अन्य जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। यही कारण है कि अब नामांकन के साथ ही पार्टियों के वर्कर व नेता मैदान में उतर कर दिन रात चुनाव प्रचार अभियान में डट गए हैं। सभी पार्टियों ने अपने कई विधायकों को भी मैदान में उतारा है। यदि उनकी जीत होती है, तो पंजाब में अगले छह माह में विधानसभा के उपचुनाव भी होंगे। ऐसे में पार्टी के नेता अभी से टिकट को लेकर जोड़-तोड़ लगाना शुरू कर दिया है।
