• Wed. Mar 4th, 2026

पंजाबः युवक का अपहरण कर ड्रग तस्करी में फंसाने के मामले में 10 पुलिस कर्मचारियों पर FIR दर्ज

ByPunjab Khabar Live

May 14, 2024

पंजाब के जिला लुधियाना में कार्यरत 10 पुलिस कर्मचारियों पर राजस्थान जोधपुर की पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिसकर्मियों पर अपहरण, जबरन वसूली, जालसाजी, आपराधिक साजिश और झूठे सबूत प्रस्तुत करने के गंभीर आरोप हैं। राजस्थन पुलिस का कहना है कि लुधियाना सिटी पुलिस ने जोधपुर निवासी एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। उसके पास से 2 किलो अफीम बरामद होने का दावा कर उसे ड्रग तस्करी के झूठे मामले में फंसा दिया। राजस्थान के जोधपुर में इंद्रजीत सिंह, एएसआई सुभेघ सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों मनिंदर सिंह, गुरपिंदर सिंह, सुखदीप सिंह, बसंत लाल, धनवंत सिंह, हरप्रीत कौर, सतनाम सिंह, राज कुमार और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता जोधपुर के झंवर निवासी भीखा राम ने बताया कि 6 मार्च को उसका बेटा मनवीर कोचिंग के लिए जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि लुधियाना पुलिस ने उसे ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से 2 किलो अफीम बरामद की है। लुधियाना पुलिस ने उसे डाबा रोड से गिरफ्तार करने का दावा किया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लुधियाना के पुलिसकर्मियों ने उसके बेटे को झंवर इलाके से अगवा कर लिया और 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी। उन्होंने उसे मामले में फंसाने के लिए झूठे सबूत भी पेश किए। परिवार ने विभिन्न टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज हासिल की। इनमें मनवीर पुलिसकर्मियों के साथ कार में राजस्थान से पंजाब जाते हुए दिखाई दे रहा है। एडीसीपी-2 देव सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page