पंजाब के पूर्व सीएम और जालंधर से कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बनाए गए चरणजीत सिंह चन्नी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने मंगलवार को कहा- कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पुंछ आतंकी हमले को चुनावी स्टंट बताया था, ये बयान चुनाव आचार संहिता की उल्लंघन है। घटना में भारतीय वायुसेना का एक जवान मारा गया था। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने आगे की कार्रवाई के लिए भारत के चुनाव आयोग को लिखित में लेटर भेजा है।
पंजाब के सीईओ सिबिन सी ने कहा- जालंधर जिला चुनाव अधिकारी की एक रिपोर्ट के अनुसार चन्नी की टिप्पणी एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) का उल्लंघन है। 4 मई को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के काफिले पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक सैनिक की मौत हो गई और चार घायल हो गए। भारतीय वायुसेना के काफिले पर हमले पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए- चन्नी ने कहा था कि ये स्टंटबाज़ी हो रही है, हम नहीं हो रहे। जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, तो ऐसे स्टंट किए जाते हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था और कई राजनीतिक नेताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
चन्नी ने बाद में कहा था कि उन्हें देश के सैनिकों पर गर्व है लेकिन 2019 पुलवामा आतंकी हमले को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार यह पता नहीं लगा सकी कि हमला किसने किया। चन्नी ने कहा था कि पुंछ हमला बीजेपी का स्टंट है। हर बार केंद्र सरकार ऐसी नौटंकी करती आ रही है। ये पूर्व नियोजित स्टंट हैं और भाजपा को जिताने के लिए किए गए हैं। लोगों को मारना और उनके शवों पर खेलना भाजपा का काम है। पटियाला में बीते दिन एक किसान की बीजेपी का विरोध करते हुए मौत हो गई थी।
