• Fri. Sep 25th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर : ग्रेनेड हमले का मामला, लारेंस के करीबी गैंगस्टर राणा ने बनाई थी योजना, 8वां आरोपी गिरफ्तार

ByPunjab Khabar Live

Apr 6, 2025

जालंधर: रसूलपुर गांव में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रोजर के घर हुए हैंड ग्रेनेड अटैक को लेकर पुलिस ने करनाल से 8 वें आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तार की बाद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्रेनेड की साजिश अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गैंगस्टर भानु राणा ने बनाई थी। फगवाड़ा में मुख्यारोपी सुखप्रीत सिंह सुक्खा को हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी देने वाले लॉरेंस गैंग के गुर्गे कर्ण उर्फ कप्तान समाना को करनाल से देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में यह बात आ रही है कि कर्ण को ग्रेनेड की खेप की गुरदासपुर में दी गई थी और खेप सीमा पार से आई थी। गुरदासपुर का कनेक्शन आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। करनाल के थाना बुटाना के एक अधिकारी ने कहा कि पंजाब पुलिस की एक टीम तहसील नीलोखेड़ी के गांव समाना भाऊ के कर्ण को गिरफ्तार कर जालंधर ले गई है। कर्ण पर करीब 4 क्रिमिनल केस दर्ज हैं और ज्यादातर उसकी मूवमेंट दिल्ली में रही है।

उधर, रात में डीआईजी नवीन सिंगला ने ग्रेनेड अटैक से जुड़े कर्ण की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सुखप्रीत ने माना था कि 8 मार्च को उसे ग्रेनेड फगवाड़ा में एक टोपी वाला युवक देकर गया था, लेकिन वह उसका नाम नहीं जानता। उसे ग्रेनेड की डिलीवरी दोस्त गौरव के जरिये मिली थी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां टोपी वाले शख्स को ट्रेस करने में जुट गई थीं।

सीसीटीवी कैमरे से मिले टोपी वाले शख्स को 15 दिन की जांच के बाद ट्रेस कर लिया गया। पता चला कि यह लॉरेंस का गुर्गा कर्ण उर्फ कप्तान समाना है। पुलिस ने कर्ण के सोशल मीडिया अकाउंट की फॉरेंसिक जांच की तो खुलासा हुआ कि वह लरिंस के करीबी भानु राणा के टच में था। एजेंसियां कर्णं को पकड़ने के लिए एक हफ्ते से करनाल में डेरा जमा कर बैठी थीं कि वह करनाल के थाना बुटाना के एरिया में पुलिस की पकड़ में आ गया।

सूत्र बताते हैं कि कर्ण ने यह माना है कि उसे ग्रेनेड गुरदासपुर एरिया में दिया गया था, लेकिन वह ग्रेनेड देने वाले शख्स को नहीं जानता था। इंटरनेट कॉलिंग के जरिये ही बात की थी। पुलिस को शक है कि कर्ण झूठ बोल रहा है, क्योंकि उसे एक नहीं, बल्कि एक से ज्यादा ग्रेनेड दिए गए और साथ में वेपन भी। कर्ण की जुबान खुलवाने के लिए डीआईजी की सुपरविजन में पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page