• Mon. Sep 28th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर : कालिया के घर ग्रेनेड अटैक मामले में NIA ने दायर की चार्जशीट, 4 को बनाया आरोपी

ByPunjab Khabar Live

Oct 5, 2025

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जालंधर में पंजाब के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले में चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में सैदुल अमीन (अमरोहा, यूपी) और अभिजोत जांगड़ा (कुरुक्षेत्र, हरियाणा) शामिल हैं। जबकि दो आरोपी कुलबीर सिंह सिद्धू (यमुनानगर) और मनीष उर्फ काका राणा (करनाल) अभी फरार हैं। सभी पर यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। NIA जांच के मुताबिक यह हमला आतंकी साजिश का हिस्सा था।

बता दें कि यह हमला 7 अप्रैल 2025 की रात को पूर्व बीजेपी मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर किया गया था। NIA ने 12 अप्रैल को इस मामले की जांच अपने हाथों में ली थी। जांच में खुलासा हुआ है कि कुलबीर सिंह, जो प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य है, ने अपने साथी मनीष उर्फ काका राणा के साथ मिलकर पंजाब के प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने की साजिश रची थी। कुलबीर सिंह और मनीष ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल के लिए फंड जुटाने व डर फैलाने के लिए गिरोह बनाया।

मनीष ने सैदुल अमीन को गैंग में जोड़ा, जिसने ग्रेनेड फेंका। हथियार कुलबीर ने दिए, फंडिंग अभिजोत जांगड़ा ने की। हमले के बाद कुलबीर ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली। उस पर रेड कॉर्नर नोटिस है और 10 लाख का इनाम घोषित है। NIA ने बताया कि कुलबीर सिंह को इससे पहले भी अप्रैल 2024 में VHP नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले में चार्जशीट किया जा चुका है। एजेंसी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और भारत में सक्रिय BKI नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए छापेमारी और तलाशी की कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page