• Wed. Feb 4th, 2026

फिर शुरू हुआ सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम, सरकार ने जारी किए सख्त आदेश

ByPunjab Khabar Live

Dec 17, 2025

दिल्ली में जानलेवा प्रदूषण के चलते भाजपा सरकार ने बुधवार को सभी सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में 50% कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम नियम लागू कर दिया है। यानी अब सभी दफ्तरों में सिर्फ आधे कर्मचारी जाएंगे। आधे कर्मचारी घर से काम करेंगे। दिल्ली के श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह नियम गुरुवार से लागू होंगे।

कुछ सेक्टरों, जैसे हेल्थकेयर, फायर सर्विस, जेल प्रशासन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, डिजास्टर मैनेजमेंट जैसे जरूरी सेवाएं देने वाली संस्थानों को नियम से छूट दी गई है। कपिल मिश्रा ने बताया कि दिल्ली में 16 दिनों तक ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान का तीसरा फेज, (GRAP-3) लागू रहा। इस दौरान निर्माण कार्य बंद थे। इससे दिहाड़ी मजदूर प्रभावित हुए हैं। दिल्ली सरकार सभी रजिस्टर्ड और वेरिफाइड निर्माण मजदूरों के खातों में मुआवजे के तौर पर ₹10,000 ट्रांसफर करेगी।

मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि GRAP-4 लागू रहने तक मज इसी तरह मुआवजा दिया जाएगा। दिल्ली-NCR में 18 दिसंबर की सुबह 8 बजे से GRAP का चौथा चरण लागू किया जाएगा। GRAP-4 के तहत दूसरे राज्यों से आने वाले भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री पर रोक रहेगी। दिल्ली में हवा में घुला जहर कम हाेने का नाम ही नहीं ले रहा है। शहर में बुधवार सुबह AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) 328 रहा। हवा का स्तर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शहर में सुबह से स्मॉग की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, कल की तुलना में वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार हुआ है। मंगलवार को AQI 377 था।

आज सुबह 9 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, 40 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 30 जगह हवा की क्वालिटी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही। बवाना में सबसे ज्यादा AQI 376 दर्ज हुआ। सुबह के समय शहर के कई इलाकों में स्मॉग और कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी कम रही।

दिल्ली में मंगलवार को AQI 378 दर्ज हुआ। दुनिया भर के शहरों की एयर क्वालिटी मापने वाली स्विस कंपनी आईक्यूएयर के अनुसार दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। 425 AQI के साथ दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर लाहौर जबकि दूसरे नंबर पर सारायेवो (बोस्निया हर्जेगाेविना) 406 रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page