असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस एक बड़े रेल हादसे का शिकार हो गई। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने दावा किया है कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
KOLKATA-SAIRANG EXPRESS DERAILS IN ASSAM; LOCOMOTIVE AND 5 COACHES OFF TRACK, ALL PASSENGERS SAFE
The Railway statement says the locomotive and five coaches of Train No. 13125 derailed at Digaru station around 6:54 am on November 11. The loco pilot reportedly could not control the train’s speed while it was being received to give precedence to another train.
All passengers are safe, with no injuries reported. They are being shifted to an alternate train. Relief and rescue operations have begun, and the General Manager and other officials have proceeded to the site.
— Subodh Kumar (@kumarsubodh_) November 11, 2026
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पहुंची थी। यहां ट्रेन को दूसरी रेलवे लाइन पर शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए ट्रेन की रफ्तार कम नहीं हो सकी। इसके चलते ट्रेन दूसरी लाइन पर लगाए गए बैरिकेड्स से टकरा गई। टक्कर के बाद इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे के बाद लोको पायलट के केबिन का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में इंजन के अंदर लगा कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले, स्विच और अन्य तकनीकी उपकरण दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट की आवाज भी सुनाई देती है।
वीडियो में लोको पायलट यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि कोई भी सिस्टम काम नहीं कर रहा है। वह सिग्नल फेल होने और इमरजेंसी सिस्टम के काम नहीं करने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा वह S9 और A9 सिस्टम के भी काम नहीं करने का जिक्र करते सुनाई देते हैं।
हादसे के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। स्थानीय लोगों ने करीब 50 यात्रियों के घायल होने की बात कही है, जबकि रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और सिग्नल सिस्टम में आई कथित खराबी की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
