जालंधर: देहाती के गोराया शहर से इस समय की बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात एक ज्वैलर की दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि फायरिंग के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना गोराया के बड़ा पिंड रोड पर स्थित डीपी ज्वैलर्स की है। देर रात अज्ञात बाइक सवारों ने बंद पड़ी दुकान पर राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गोराया थाना प्रभारी सिकंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग पुरानी रंजिश, फिरौती या किसी अन्य आपराधिक साजिश का हिस्सा है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
