ऑस्ट्रेलिया जिलोंग में 22 वर्षीय हरमनप्रीत सिंह पर नस्लीय हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह विक्टोरिया में रहते हैं और स्थानीय अस्पताल में मेडिकल अटेंडेंट के रूप में काम करता है। घटना 18 फरवरी देर रात की बताई जा रही है, जब वह कोरियो इलाके के एक जिम में वर्कआउट कर रहे थे। आरोप है कि जिम के अंदर कुछ युवकों ने उन पर नस्लीय टिप्पणियां कीं और उन्हें वहां से जाने को कहा।
हरमनप्रीत के अनुसार जब वह जिम से बाहर निकले तो तीन युवकों ने उनका पीछा किया और उन्हें घेर लिया। आरोपियों में से एक ने उनके चेहरे पर सिर से जोरदार वार किया, जिससे उनकी नाक की हड्डी टूट गई। हमले के बाद आरोपी ग्रे रंग की कार में बैठकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाक में फ्रैक्चर की पुष्टि की। डॉक्टरों का कहना है कि चोट गंभीर है और सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। घटना के बाद से हरमनप्रीत मानसिक रूप से भी आहत हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
