• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब 18 फीसदी किया

ByPunjab Khabar Live

Feb 3, 2026
Screenshot

अमेरिका ने भारत पर से टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। इसका सीधा फायदा भारतीय निर्यातकों और कारोबारियों को मिलेगा। डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से बात करने के थोड़ी देर बाद ही ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बनने की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और कहा कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अब ज्यादा तेल वेनेजुएला से खरीदेगा।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच‘एक्स’पर अपने पोस्ट में कहा कि मोदी ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल एवं ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। यह कदम यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मददगार साबित हो सकता है, जहां हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि दोनों देशों के बीच तत्काल प्रभाव से एक व्यापार समझौता हुआ है, जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क (टैरिफ) को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। इसके साथ ही भारत अमेरिका के खिलाफ अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

ट्रंप ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि मोदी ने‘बाय अमेरिका’नीति के तहत अमेरिकी उत्पादों की खरीद को काफी बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है, जिसमें ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक के उत्पाद खरीदेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मोदी की सराहना करते हुए उन्हें अपना‘घनिष्ठ मित्र’और भारत का‘शक्तिशाली एवं सम्मानित नेता’बताया। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध आगे और मजबूत होंगे तथा दोनों नेता ऐसे हैं जो‘काम करके दिखाते हैं‘।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page