जालंधर के रेल यात्रियों के लिए एक बेहद निराशाजनक खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलने वाली हाई-स्पीड ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ के रूट में बड़ा फेरबदल कर दिया है। बोर्ड के नए फैसले के अनुसार, अब यह ट्रेन जालंधर सिटी स्टेशन नहीं आएगी। इसके बजाय ट्रेन को बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट के रास्ते डायवर्ट कर दिया गया है, जिससे शहरवासियों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है।
इस ट्रेन की शुरुआत 10 अगस्त 2025 को जालंधर के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में की गई थी। उस समय यात्रियों में भारी उत्साह था, लेकिन हाल ही में हुए ट्रायल के बाद इसे अचानक रूट से हटा दिया गया। इस फैसले ने जालंधर के लोगों के बीच भारी नाराजगी पैदा कर दी है। राहत की बात केवल इतनी है कि दिल्ली-अमृतसर रूट वाली वंदे भारत का ठहराव जालंधर कैंट में बना रहेगा।
रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रायल रन के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं। इस नई ट्रेन की वजह से दिल्ली-अमृतसर रूट पर पहले से चल रही महत्वपूर्ण ट्रेनों, जैसे शताब्दी एक्सप्रेस और शान-ए-पंजाब, के शेड्यूल पर बुरा असर पड़ रहा था। जालंधर सिटी के व्यस्त ट्रैक पर ट्रेनों के समय को एडजस्ट करना मुश्किल हो रहा था। इसी ट्रैफिक दबाव और अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी को रोकने के लिए रेलवे बोर्ड ने इस मार्ग को बदलने का कड़ा फैसला लिया है।
