रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग की समय सीमा में महत्वपूर्ण बदलाव कर दिया है। नए नियमों के अनुसार, अब डबल सिलेंडर (दो सिलेंडर कनेक्शन) रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग की अवधि को 25 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब आप अपना दूसरा सिलेंडर 35 दिन का अंतराल पूरा होने के बाद ही बुक कर पाएंगे।
एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन की प्रदेश इकाई ने स्पष्ट किया है कि ये नए आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे प्रदेश में लागू कर दिए गए हैं। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं के पास सिंगल सिलेंडर कनेक्शन है, उनके लिए फिलहाल राहत की बात है क्योंकि उनकी बुकिंग अवधि अभी भी 25 दिन ही रखी गई है। डबल सिलेंडर वालों को अब अपनी खपत का हिसाब सावधानी से रखना होगा क्योंकि 35 दिन से पहले उनकी बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।
केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले उपभोक्ताओं के लिए नियमों को और सख्त किया गया है। अब उज्ज्वला लाभार्थियों की अगली बुकिंग 45 दिन बीत जाने के बाद ही मान्य होगी। वहीं, बाजार में उपलब्ध 10 किलो वाले हल्के ‘कम्पोजिट घरेलू सिलेंडर’ का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए यह अवधि 18 दिन तय की गई है। यानी कम्पोजिट सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोग हर 18 दिन बाद बुकिंग करा सकेंगे।
