जालंधर में अब सड़कों का ढांचा बदलने की तैयारी है। शहर में फोरलेन रोड बनाने की योजना बनाई गई है, जिसमें दोपहिया वाहनों के लिए अलग लेन होगी। इसका मकसद सड़क हादसों को कम करना और ट्रैफिक को व्यवस्थित करना है।
यह प्रोजेक्ट संविधान चौक (BMC चौक) से लेकर वर्कशॉप चौक तक लागू किया जाएगा। इस रूट को शहर का व्यस्त इलाका माना जाता है, जहां रोजाना भारी ट्रैफिक रहता है। फोरलेन सिस्टम लागू होने से ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
शेखां बाजार के प्रधान जसप्रीत सिंह रिपी के अनुसार अंबेडकर चौक से फुटबॉल चौक तक आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस मुद्दे को आम आदमी पार्टी के सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली के सामने रखा गया, जिन्होंने सड़क को फोरलेन में बदलने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
आम आदमी पार्टी के पार्षद जतिन गुलाटी ने बताया कि सड़क के किनारों पर दो पीली लाइनें खींचकर दोपहिया और साइकिल चालकों के लिए अलग लेन बनाई जाएगी। इससे छोटे वाहनों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और बड़े वाहनों से टकराव की संभावना कम होगी।
