• Thu. Mar 26th, 2026

पेट्रोल नहीं मिला तो बुलेट बाइक छोड़ घोड़े से ऑफिस पहुंचा बैंक कर्मचारी

ByPunjab Khabar Live

Mar 26, 2026

देवास : एमपी के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर खबरें हैं। सरकारी स्तर पर लगातार यह खंडन किया जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल की किल्लत नहीं है। लेकिन जमीनी स्तर पर लोग पैनिक हो रहे हैं। देवास के कई पेट्रोल पंपों पर मंगलवार की रात लंबी कतारें थीं। इस दौरान लात-घूंसे भी चले हैं। अब सड़कों पर एक बैंककर्मी घोड़े से ऑफिस जाता दिखा है। दरअसल, शहर में लोगों तक यह बात पहुंची कि पेट्रोल-डीजल की किल्लत होने वाली है। इसके बाद लोगों की लंबी कतारें पेट्रोल पंपों पर लगने लगी है।

एयू फायनेंस बैंक के कर्मचारी गोपाल ठाकुर को भी ऑफिस जाना था। अपनी बुलेट से पेट्रोल पंप पहुंचे तो लंबी लाइन थी। बाइक में इतनी पेट्रोल नहीं थी कि उससे ऑफिस पहुंच सकते थे। इसके बाद बैंक कर्मचारी ने अपनी बाइक को घर पर खड़ी कर दी। इसके बाद घर से घोड़े पर सवार होकर ऑफिस जाने के लिए निकले। देवास की सड़कों पर जब गोपाल घोड़े से ऑफिस जाने के लिए निकले तो लोग हतप्रभ हो गए। कई लोग इसका वीडियो शूट करने लगे। साथ ही ऑफिस के सहकर्मी भी हैरान थे। अब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल है।

देवास के राधागंज निवासी गोपाल ठाकुर ने बताया कि मैं एयू फायनेंस बैंक में कार्यरत हूं। पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन थी। मेरा ऑफिस जवाहर नगर में है। ब्रांच समय पर पहुंचने के लिए घोड़े का सहारा लेना पड़ा है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरें हैं। इसके बाद लोग ज्यादा पैनिक हो रहे हैं। अलीराजपुर, उज्जैन, रतलाम, नीमच और इंदौर में भी कई जगहों पर ऐसी स्थिति देखने को मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page