• Mon. Apr 13th, 2026

जालंधर में पूर्व DSP के बेटे ने की PNB बैंक में लूट, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने किया खुलासा

ByPunjab Khabar Live

Apr 7, 2026

जालंधर में कुक्की ढाब रोड स्थित बैंक एन्क्लेव फेज-2 में PNB की शाखा में हुई लूट के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात के पीछे पूर्व डीएसपी का बेटा ही शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए उसने इस डकैती की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद एक्टिवा पर खांबड़ा की ओर निकल गए। वहां पहुंचकर उन्होंने कपड़े बदले और फिर अलग रास्ते से शहर में वापस आ गए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि उनकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनकी मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिमरजीत सिंह उर्फ अमरिक सिंह के कब्जे से एक रिवॉल्वर, तीन जिंदा कारतूस और कुछ नकदी बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट का केस भी शामिल है। फिलहाल पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page