• Sun. Apr 19th, 2026

लुधियाना कोर्ट की लिफ्ट में पुलिस-वकील समेत 17 लोग फंसे, सूझबूझ से बची जान

ByPunjab Khabar Live

Apr 15, 2026

पंजाब के लुधियाना अदालत परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब तकनीकी खराबी के कारण पब्लिक लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। लिफ्ट में 2 वकील, 1 पुलिसकर्मी सहित कुल 17 लोग सवार थे, जो करीब 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे और बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगाते रहे।

स्थिति गंभीर होते देख बाहर मौजूद एडवोकेट परमिंदर सिंह कुक्की और एडवोकेट राहुल शर्मा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला। बताया जा रहा है कि लिफ्ट गेट से करीब 1 फीट नीचे अटक गई थी, जिसके कारण अंदर फंसे लोगों को खींचकर बाहर निकालना पड़ा।

वकीलों और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से सभी 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। लोगों के मुताबिक अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो हालात गंभीर हो सकते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page