• Sun. Aug 30th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

Innocent Hearts के सितारों ने CBSE 10वीं में बिखेरी चमक, गौरी दत्ता 99.6% अंकों के साथ रही अव्वल

ByPunjab Khabar Live

Apr 16, 2026

इनोसेंट हार्ट्स स्कूल की विभिन्न शाखाओं—ग्रीन मॉडल टाऊन, लोहारां, नूरपुर रोड, कैंट जंडियाला रोड और कपूरथला रोड—ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की सी.बी.एस.ई 10वीं की परीक्षा में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। विद्यालय के पाँच होनहार विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर संस्थान को गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करें तो 82 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक, 152 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 277 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया है।

शाखा वार मेधावी छात्रों का दबदबा

ग्रीन मॉडल टाउन शाखा की छात्रा गौरी दत्ता ने अविश्वसनीय 99.6 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसी शाखा के आदित्य वर्मा और शांभवी ने 99.2 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया, जबकि जाह्नवी सुनेजा 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। लोहारां ब्रांच की बात करें तो ईशान्वी गुप्ता ने 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया, जबकि एकमजोत संघेरा 99.2 प्रतिशत लेकर दूसरे और दिवांशी विघा 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रही।

विभिन्न शाखाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

नूरपुर रोड शाखा से हरप्रीत कौर ने 98.6 प्रतिशत और अर्शप्रीत कौर ने 98.4 प्रतिशत अंक लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कपूरथला रोड शाखा की आराध्या अरोड़ा ने 94.6 प्रतिशत और खुशी बत्रा ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता दर्ज की। इसी प्रकार कैंट जंडियाला रोड शाखा की हरगुन कौर ने 91.8 प्रतिशत अंकों के साथ शानदार उपलब्धि हासिल की। विद्यार्थियों की इस व्यापक सफलता ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को एक नई ऊंचाई प्रदान की है।

विषयों में शत-प्रतिशत अंक और प्रबंधन की बधाई

इस वर्ष विभिन्न विषयों में कुल 62 विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर रिकॉर्ड बनाया है। इसमें आई.टी. में 20, मार्केटिंग में 17, सोशल साइंस, पंजाबी व मैथ्स में 7-7, अंग्रेजी में 2 तथा हिंदी व साइंस में 1-1 विद्यार्थी शामिल है। इस शानदार उपलब्धि पर प्रिंसिपल राजीव पालीवाल, कुमारी शालू सहगल, डायरेक्टर मीनाक्षी शर्मा, जसमीत बक्शी, सोनाली मनोचा और शीतू खन्ना ने विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को बधाई दी। इनोसेंट हार्ट्स के चेयरमैन डॉ. अनूप बौरी ने सभी मेधावियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page