• Fri. Nov 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर के नए SSP हरकमलप्रीत खख ने संभाला चार्ज : अधिकारियों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, अपराधियों को दो टूक

ByAdmin

Nov 27, 2026

पंजाब में 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जारी सरकारी आदेशों के तहत हरकमलप्रीत सिंह खख को जालंधर देहात का नया सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) नियुक्त किया गया है। उन्हें मलेरकोटला के एसएसपी पद से स्थानांतरित कर यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को उन्होंने निवर्तमान एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के स्थान पर आधिकारिक रूप से जालंधर देहात पुलिस की कमान संभाल ली।

कार्यालय पहुंचने पर पुलिस टुकड़ी ने नवनियुक्त एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न थानों के एसएचओ (SHO) और डीएसपी (DSP) रैंक के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि हरकमलप्रीत सिंह खख सितंबर 2026 से मलेरकोटला के एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले भी वे जालंधर देहात में बतौर एसएसपी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे बटाला और पठानकोट समेत राज्य के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिलों की कमान संभाल चुके हैं। जिले और पद बदलने के बावजूद उनकी कार्यशैली हमेशा एक जैसी रही है—पुलिस प्रणाली में पारदर्शिता लाना और अपराध व अपराधियों के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाना।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए एसएसपी खख ने कहा कि अपराध के खात्मे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव का विजन बिल्कुल स्पष्ट है और वह है ‘ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी’। उन्होंने कहा कि अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए नासूर की तरह है और इसे जड़ से मिटाने के लिए पुलिस को आम जनता के सहयोग की सख्त जरूरत है। एसएसपी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें और एक सुरक्षित व अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का साथ दें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page