• Thu. Apr 16th, 2026

जालंधर वेस्टर्न यूनियन ट्रैवल एजेंसी लूट केस में दोनों आरोपी अरेस्ट, कैश भी बरामद

ByPunjab Khabar Live

Apr 16, 2026

जालंधर के हरनामदासपुरा इलाके में वेस्ट एंड वेस्टर्न यूनियन टूर एंड ट्रैवल की दुकान पर हुई लूट के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में करीब 1 लाख 8 हजार रुपए की नकदी लूटी गई थी।

डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप और अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और कुछ लूटी हुई नगदी भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले दिन में दुकान की रेकी करने पहुंचे थे। इसके बाद शाम करीब 4:22 बजे जब उन्होंने देखा कि दुकान पर महिला अकेली है, तो एक आरोपी अंदर घुस गया और दूसरे के साथ मिलकर महिला को काबू किया। इसके बाद तिजोरी से नकदी निकालकर फरार हो गए, जबकि बाहर तीसरा साथी एक्टिवा पर उनका इंतजार कर रहा था।

घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान 195 ग्राम हेरोइन और एक एक्टिवा भी बरामद की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page