जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित गोल मार्केट में एक मॉल के बाहर आग लगने की घटना सामने आई है। यह आग पूर्व पार्षद रोहन सहगल के दफ्तर के सामने बने मॉल के बाहर लगी, जिससे वहां लगे एसी के आउटडोर यूनिट को नुकसान पहुंचा। आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक राहगीर ने मॉल के बाहर लगे एसी के आउटडोर में आग फैलती देखी। उसने तुरंत मॉल के अंदर जाकर कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मॉल स्टाफ ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि एसी के आउटडोर के नीचे पेड़ की सूखी टहनियां पड़ी हुई थीं। आशंका है कि किसी ने इन टहनियों को आग लगा दी, जिसके बाद आग तेजी से फैलकर एसी यूनिट तक पहुंच गई और उन्हें नुकसान पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, घटना से कुछ समय पहले ही एक राहगीर ने वहां अपनी कार पार्क की थी, जिसे उसने समय रहते हटा लिया। अगर कार वहीं खड़ी रहती तो नुकसान और बढ़ सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।घटना के बाद मॉल प्रबंधन ने इस मामले पर मीडिया से दूरी बनाए रखी है। हालांकि आग लगने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
