प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। हालांकि उनके भाषण का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे हाल के घटनाक्रमों पर अपनी बात रख सकते हैं।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का संबोधन महिला आरक्षण के मुद्दे और संसद में पिछले दो दिनों के दौरान हुए घटनाक्रमों पर केंद्रित हो सकता है। यह मुद्दा हाल ही में संसद में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है। लोकसभा में शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) बिल पास नहीं हो सका। प्रस्तावित बिल में लोकसभा की सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था।
बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने इसका विरोध किया। इसे पारित कराने के लिए 352 वोटों की आवश्यकता थी, जो पूरी नहीं हो सकी। प्रधानमंत्री ने शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण का समर्थन न करके गलती की है और इसके राजनीतिक परिणाम सामने आ सकते हैं। अब सभी की नजर उनके आज रात के संबोधन पर टिकी है।
