• Sat. Nov 28th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

Bisleri की बोतल से पानी पीने वाले हो जाएं सावधान! FSSAI की जांच में निकला बैक्टीरिया

ByAdmin

Nov 28, 2026

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से लिए गए बिसलेरी के पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए जाने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

FSSAI के अनुसार, पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया होने की पुष्टि प्राथमिक और रेफरल—दोनों लैब जांच में हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज के पानी या गंदे पाइपों के संपर्क से पीने के पानी में पहुंच सकता है। जांच के लिए यह सैंपल जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट के बैच नंबर PB 201 से लिया गया था, जिसे 20 जुलाई 2026 को तैयार किया गया था और इसकी एक्सपायरी 19 जनवरी 2027 दर्ज है। दो लैब में पुष्टि होने के बाद 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री रोक दी गई थी और यह कार्रवाई केवल इसी एक बैच तक सीमित है।

यह पहली बार नहीं है जब बिसलेरी के सैंपल को लेकर ऐसी कार्रवाई की गई हो। इससे पहले गोवा में बिसलेरी के पानी के नमूनों में कथित तौर पर कैंसर से जुड़े केमिकल ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) मिले थे, जिसके बाद भी कंपनी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई थी।

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल इकट्ठा कर जांचे जा रहे हैं और यह प्रक्रिया अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कदम का उद्देश्य लोगों में घबराहट पैदा करना नहीं, बल्कि कंपनियों को मानकों का सख्ती से पालन कराना है। इसके साथ ही सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग और मिनरल वाटर की जांच बढ़ाने तथा उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मामले पर बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा कि कंपनी FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी के दावे के मुताबिक, पानी तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान 10 अलग-अलग चरणों में 90 से अधिक बार गुणवत्ता की जांच की जाती है और उपभोक्ताओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page