अमेरिका के रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम टैक्सीिंग के दौरान अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि यह घटना 27 नवंबर को स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 5 बजे हुई, जब उड़ान भरने से पहले दोनों विमान रनवे की ओर टैक्सीिंग कर रहे थे।
FAA के अनुसार, इस घटना में अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 638 और फ्लाइट 2152 के पंख आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद दोनों विमान अपने-अपने गेट पर वापस लौट आए और विस्तृत जांच के लिए उन्हें सेवा से हटा दिया गया। अमेरिकन एयरलाइंस ने CBS न्यूज को दिए बयान में कहा कि दोनों विमानों को मेंटेनेंस टीम की जांच के लिए खड़ा कर दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, फ्लाइट 638 को डलास और फ्लाइट 2152 को शिकागो जाना था, और दोनों उड़ानों के यात्रियों को दूसरे विमानों में समायोजित कर शुक्रवार शाम ही रवाना करने की व्यवस्था की गई।
मेट्रोपॉलिटन वाशिंगटन एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने बताया कि टक्कर की सूचना मिलते ही फायर और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई थी। अथॉरिटी ने स्पष्ट किया कि इस घटना से हवाई अड्डे के सामान्य संचालन और अन्य उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अब FAA इस पूरे मामले की जांच करेगा।
यह घटना थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के बीच सामने आई है, जब अमेरिका के बड़े हवाई अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ और उड़ान संचालन से जुड़ी कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे पहले 26 नवंबर को मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मेम्फिस से आया फेडएक्स फ्लाइट 910 (मैकडोनेल डगलस MD-11 कार्गो विमान) लैंडिंग के दौरान रनवे 26R से आगे निकल गया था।
