चंडीगढ़ में एक कारोबारी से गैंगस्टर के नाम पर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।आरोपियों ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा से जुड़ा बताकर कारोबारी को फोन किया और 2 करोड़ रुपए की मांग की। साथ ही रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता ने 22 अप्रैल को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस स्टेशन सेक्टर-39 में इस मामले में एफआईआर 28 अप्रैल को दर्ज की गई। इस देरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं, हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अंबाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा गिरोह से जुड़े दो शूटरों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि वे चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आ रहे थे।
हरियाणा पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके साथियों जयप्रकाश उर्फ जेपी, देवेंद्र और वीरेंद्र उर्फ चारण ने हथियार देकर अंबाला भेजा था। 27 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे एसटीएफ टीम अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के पास एनएच-44 ओवरब्रिज के नीचे मौजूद थी, जहां से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
