• Mon. Sep 21st, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर-अमृतसर ब्लास्ट के बाद पंजाब अलर्ट पर, सुरक्षा एजेंसियां हुईं मुस्तैद

ByPunjab Khabar Live

May 6, 2026

जालंधर और अमृतसर में हुए हालिया विस्फोटों ने पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इन घटनाओं के बाद राजधानी चंडीगढ़ में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। विशेष रूप से पंजाब पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा को अभेद्य बनाते हुए इसके मुख्य गेट को बुलेटप्रूफ कर दिया गया है।

सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए पंजाब पुलिस मुख्यालय के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मुख्यालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस की पीसीआर वैन लगातार संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही है। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां पंजाब पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय और पंजाब के राज्यपाल व केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का आधिकारिक निवास भी स्थित है।

मंगलवार शाम करीब 7:57 बजे जालंधर के व्यस्त बीएसएफ (BSF) चौक के पास एक जोरदार धमाका हुआ। पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक पीएपी (PAP) चौक की ओर से गलत दिशा में पैदल आता दिखाई दिया। संदिग्ध ने फुटपाथ पर खड़ी एक एक्टिवा के पास पॉलिथीन में लिपटा हुआ पैकेट रखा और तुरंत बस अड्डे की दिशा में भाग गया। उसके भागने के कुछ ही सेकंड बाद वहां जोरदार विस्फोट हो गया।

जालंधर की घटना के महज तीन घंटे बाद, अमृतसर में आर्मी कैंप ‘खासा’ के बाहर रात करीब 11 बजे हमला हुआ। अमृतसर रूरल के एसएसपी सोहेल मीर कासिम के अनुसार, बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने सेना के कैंप की ओर ग्रेनेड फेंका। यह ग्रेनेड दीवार से टकराकर फटा, जिससे वहां लगा टीन शेड गिर गया और गेट नंबर 6 व 7 के बीच की दीवार को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page