नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने का ऐलान कर दिया। यह परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। NTA ने कहा है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और नई तारीखों की घोषणा अगले 6 से 8 दिनों के भीतर की जाएगी।
NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने कहा कि परीक्षा में हुई गड़बड़ी के लिए एजेंसी जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि 7 मई की रात एक व्हिसलब्लोअर के जरिए जानकारी मिली थी कि परीक्षा से पहले कुछ सवाल व्हाट्सऐप पर भेजे गए थे, जो असली प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे।
जांच के दौरान पाया गया कि लीक हुई PDF में मौजूद कुछ सवाल परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। एजेंसी के अनुसार, यह PDF 1 और 2 मई को कुछ लोगों के मोबाइल फोन में मौजूद थी। इसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए आगे की जांच शुरू की गई।
केंद्र सरकार ने NEET पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। एजेंसी ने इस मामले में FIR भी दर्ज कर ली है। NTA ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
जांच में सामने आया है कि पेपर एक कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ के जरिए लीक किया गया। इसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के 300 से ज्यादा सवाल शामिल थे। सभी सवाल हाथ से लिखे गए थे और उनकी हैंडराइटिंग भी एक जैसी बताई जा रही है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, पेपर लीक का खुलासा राजस्थान के सीकर से हुआ। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र आखिर कहां से और किस नेटवर्क के जरिए लीक किया गया।
