• Tue. May 19th, 2026

जालंधर में बेअदबी से भड़के लोग, इलाके में हुआ जमकर हंगामा

ByPunjab Khabar Live

May 19, 2026

जालंधर में श्री गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना राजा गार्डन इलाके की बताई जा रही है, जहां सोमवार रात करीब 11 बजे श्री गुटका साहिब के अंग बिखरे हुए मिले। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और निहंग सिंहों में भारी रोष देखने को मिला।

इलाके के लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया है ताकि आपसी भाईचारे और धार्मिक माहौल को खराब किया जा सके। घटना के विरोध में लोगों और निहंग सिंहों ने देर रात प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे निहंग सिंहों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार सख्त कानून बनाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्म का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए जो समाज के लिए मिसाल बने।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के SHO पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साई भीड़ को शांत कराया और श्री गुटका साहिब के अंगों को पूरे सम्मान के साथ एकत्रित कर आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना को किसने और कब अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page