• Thu. May 21st, 2026

जालंधर के केपी स्टेडियम में हंगामा, हॉकी खिलाड़ी मनदीप के पिता पर बच्चों से बदसलूकी के आरोप

ByPunjab Khabar Live

May 21, 2026

भारतीय हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन मनदीप सिंह के पिता इन दिनों विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। जालंधर के केपी स्टेडियम में बच्चों के साथ हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बच्चों के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है। लोग सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टेडियम परिसर में मनदीप सिंह के पिता एक बच्चे को बाजू से पकड़कर उससे बहस और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वह बच्चों को स्टेडियम से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान मौके पर मौजूद कुछ बच्चों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।

बच्चों ने आरोप लगाया कि वीडियो बनाए जाने के दौरान मनदीप सिंह के पिता ने एक बच्चे से मोबाइल छीनने की भी कोशिश की। इसके बाद बच्चों ने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।

स्टेडियम में बच्चों के साथ हुई कथित हाथापाई को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल इस मामले में किसी आधिकारिक शिकायत या पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं वायरल वीडियो के बाद लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page