• Mon. Nov 16th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

धमकी देने वालों को दिलजीत ने लाइव शो के दौरान ललकारा, बोले- किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है…

ByAdmin

Nov 16, 2026

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ का इंदौर स्थित C21 एस्टेट में हुआ कॉन्सर्ट इन दिनों सुर्खियों में है। दिल्ली के बाद दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ के इस दूसरे पड़ाव पर उन्हें रोकने और विरोध का सामना करना पड़ा। कॉन्सर्ट के दौरान आलोचकों को करारा जवाब देते हुए दिलजीत ने मंच से मशहूर शायर राहत इंदौरी की पंक्तियां दोहराईं— “सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।” उन्होंने कहा कि उन्हें “महाकाल की नगरी” में आने से रोकने की तमाम कोशिशें की गई थीं।

इस कार्यक्रम से पहले सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उस वक्त पैदा हो गईं, जब इंदौर के तीन स्कूलों और मेयर सचिवालय को कॉन्सर्ट का जिक्र करते हुए बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। इसके बाद तुरंत सक्रिय हुए साइबर क्राइम विभाग ने मामले की जांच शुरू की।

इसके अलावा, कॉन्सर्ट में उनके चार लोकप्रिय गानों “पटियाला पैग”, “5 तारा ठेके”, “जेब विचों अफीम” और “जट्ट फायर करदा” को गाने पर रोक लगा दी गई थी। आयोजकों और प्रशासन का मानना था कि इन गानों में शराब और हिंसा को बढ़ावा दिया गया है, जिसका बच्चों और समाज पर गलत असर पड़ सकता है।

पाबंदियों पर तंज कसते हुए दिलजीत ने कहा, “आप यह नहीं गा सकते, आप वह नहीं गा सकते… हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी ज़ुबान थोड़ी है।” हालांकि इन तमाम बाधाओं के बावजूद कॉन्सर्ट में भारी भीड़ उमड़ी। दिलजीत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इंदौर के मशहूर पोहे की प्लेट शेयर करने के साथ-साथ एक फैन का वीडियो भी साझा किया जिसमें वह ‘पटियाला पैग’ गाता नजर आ रहा है। गायक ने मुश्किल समय में उनका साथ देने के लिए अपने प्रशंसकों का दिल से शुक्रिया अदा किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page