• Sat. Nov 14th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

तरनतारन में भीषण हादसा: दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 6 श्रद्धालुओं की मौत

ByAdmin

Nov 14, 2026

पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार शाम नेशनल हाईवे-54 (NH-54) पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहां नौशहरा के पास तीर्थयात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस भीषण दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। दोनों बसों में करीब 37 लोग सवार बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। एक बस के सामने अचानक कुछ मोटरसाइकिल सवार आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में ड्राइवर का बस से नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हुई बस डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंची और सामने से आ रही दूसरी बस से सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के अगले हिस्सों के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, ये दोनों बसें पंजाब सरकार की ‘तीर्थयात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा पर लेकर जा रही थीं। सभी यात्री अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नौशहरा के नजदीक यह दर्दनाक हादसा पेश आया।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बसों में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। फिलहाल मृतकों और घायलों की शिनाख्त की जा रही है।

इस दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-54 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों और दोनों बसों में सवार कुल यात्रियों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page