दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाले कॉलर को पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रोहतक के शास्त्री/अमृत कॉलोनी निवासी कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। शनिवार (14 नवंबर) को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी के भाई तिलकराज ने बताया कि शुक्रवार (12 नवंबर) को पंजाब पुलिस सादे कपड़ों में उनके घर आई और कोमल को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से अपने साथ ले गई। परिवार को इस बात की कोई भनक नहीं थी कि कोमल ने अरविंद केजरीवाल को धमकी दी है; उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी उसकी गिरफ्तारी के बाद ही मिल पाई।
मूल रूप से समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला कोमल पिछले कुछ सालों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। वह रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था, लेकिन करीब 6 महीने पहले डीसी ने उसे सेवा से बर्खास्त (टर्मिनेट) कर दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसे अपना असली नाम पसंद नहीं था, इसलिए उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था।
यह पूरा मामला दिल्ली के तिलकनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। विधायक ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि गत 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और व्हाट्सएप मैसेज आए थे, जिसमें अरविंद केजरीवाल को लेकर गंभीर धमकियां दी गई थीं। इसी शिकायत के आधार पर तकनीकी सर्विलांस की मदद से पंजाब पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे दबोच लिया।
