कपूरथला की केंद्रीय जेल में शनिवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब जेल के अंदर कैदियों के बीच हुए विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। बैरक नंबर-4 में शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि पूरे जेल परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद के बाद चलते कई राउंड फायर भी किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बंदी के समय यह विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ कैदी भड़क गए। हालात बिगड़ते देख जेल प्रशासन को तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान 7 से 8 राउंड फायरिंग भी हुई। घटना के बाद जेल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि हालात को बेकाबू होते देख आसपास के जिलों से भी पुलिस फोर्स कपूरथला भेजी जा रही है ताकि स्थिति को संभाला जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल मच गई। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जेल के अंदर किसी कैदी के घायल होने संबंधी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। वहीं जेल के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही SSP और डी.आई.जी. मौके पर पहुंचे हैं तथा स्थिति पर लगातार कंट्रोल करने की कोशिशें जारी हैं। पता चला है कि झगड़ा लगातार जारी है। कैदियों ने अपने हाथों में मिशालें पकड़ी हुई हैं। झगड़े के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं जेल में झगड़े को लेकर एस.एस.पी. कपूरथला का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि जेल ब्रेक जैसी कोई घटना नहीं हुई है, बल्कि कैदियों के दो गुटों में झड़प हुई है। जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स तैनात है तथा स्थिति पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
