• Sun. May 24th, 2026

पंजाब: दिन दहाड़े ASI का गोलियां मारकर कत्ल

ByPunjab Khabar Live

May 24, 2026

अमृतसर: मजीठा में आज सुबह-सुबह ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे, जिन्होंने ASI को दो गोलियां मारीं। इसके बाद वे मौके से भाग गए। गोलियां लगने से ASI गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्होंने थोड़ी ही देर में मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत पुलिसकर्मी की पहचान जोगा सिंह के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पंजाब पुलिस के ट्रैफिक विभाग में तैनात ASI जोगा सिंह गुरदासपुर के बांगर में गांव घणिए के रहने वाले थे। सुबह करीब 6 बजे वह अपनी स्कूटी (PB06BJ-6614) पर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। मजीठा से करीब 1 किलोमीटर पहले बाइक पर आए 2 अज्ञात हमलावरों ने उनकी स्कूटी को रास्ते में घेरा।

इसके बाद उन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान ASI को 2 गोलियां लगीं। एक सीने के बाईं तरफ और दूसरी कमर पर। इससे ASI गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, सुबह का समय था, इसलिए उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका, जिससे उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही SSP सुहेल मीर कासिम, डीएसपी कमलमीत सिंह और एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई, जिसने सबूत जुटाए हैं। गोलियों के खोल भी मौके से बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page