• Mon. Aug 24th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

आम आदमी की जेब पर सीधा डाका, 10 दिनों में चौथी बार बढ़े तेल के दाम

ByPunjab Khabar Live

May 25, 2026

देशभर में महंगाई की मार झेल रही आम जनता पर एक बार फिर महंगाई का बम फूटा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। हालिया बढ़ोतरी में पेट्रोल के दाम में लगभग 2.60 रुपये और डीजल में 2.70 रुपये प्रति लीटर का उछाल आया है।

इस नई बढ़ोतरी के बाद चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। चंडीगढ़ में 2.50 रुपये की वृद्धि के साथ पेट्रोल अब 101.53 रुपये और 2.53 रुपये की बढ़त के साथ डीजल 89.63 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

जालंधर, लुधियाना और मोहाली में बुरा हाल

पंजाब की बात करें तो यहां ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। पूरे पंजाब में औसतन पेट्रोल अब 105.44 रुपये और डीजल 95.38 रुपये प्रति लीटर हो गया है। राज्य में मोहाली की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है, जहां पेट्रोल का रेट सबसे अधिक 105.99 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।

जालंधर में भी नई कीमतों ने लोगों की परेशानी काफी बढ़ा दी है। जालंधर में पेट्रोल की पुरानी कीमत 102.26 रुपये से बढ़कर अब 104.87 रुपये हो गई है, जबकि डीजल 92.13 रुपये से उछलकर 94.84 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

इसी तरह लुधियाना में भी पेट्रोल 105.42 रुपये और डीजल 95.34 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है, वहीं पावर पेट्रोल की कीमत यहां 114.80 रुपये हो गई है।

10 दिनों में 7 रुपये से ज्यादा महंगा हुआ ईंधन

यह बढ़ोतरी कोई अचानक नहीं हुई है, बल्कि पिछले कुछ दिनों से कीमतों में आग लगने का यह सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले 15 मई, 19 मई और 23 मई को भी पेट्रोल-डीजल के दामों में इजाफा किया गया था।

आंकड़ों पर गौर करें तो बीते केवल 10 दिनों के भीतर ही पंजाब में पेट्रोल के दामों में कुल 7.25 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दामों में कुल 7.55 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। इस लगातार हो रही वृद्धि से ट्रांसपोर्टेशन और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के और महंगे होने की आशंका बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page