• Sat. Nov 21st, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

राम बाग इंडस्ट्रियल एरिया की समस्याओं को लेकर मेयर वनीत धीर ने उद्योगपतियों से की अहम बैठक

ByAdmin

Nov 21, 2026

जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में आज आम आदमी पार्टी के जालंधर नॉर्थ से उम्मीदवार और मेयर वनीत धीर ने राम बाग इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन के उद्योगपतियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उद्योगपतियों की ओर से उनका पूरे सम्मान और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। बैठक में उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्र में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को मेयर के समक्ष रखा, जिनमें खराब सड़कों, स्ट्रीट लाइटों की कमी और सीवरेज व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख थीं। मेयर ने कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान करवाया और बाकी समस्याओं को जल्द ही प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिया।

मेयर वनीत धीर ने उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्र में बंद पड़ी अथवा उपलब्ध न होने वाली स्ट्रीट लाइटों की समस्या का समाधान करते हुए अगले सप्ताह तक लाइटें उपलब्ध करवा दी जाएंगी। इसके अलावा सड़कों की खस्ता हालत को सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आवश्यक विकास कार्य जल्द शुरू करवाए जा सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मौजूदा विधायक और पिछली सरकारों ने नॉर्थ हलके की सुध नहीं ली। सीवरेज की समस्या काफी पुरानी है, जिसे जल्द ही हल किया जाएगा। सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने और सुपर सक्शन मशीन के माध्यम से सफाई करवाई जाएगी।

मेयर ने कहा कि जालंधर का औद्योगिक क्षेत्र शहर की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उद्योगपतियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों और नगर निगम के बीच बेहतर तालमेल से ही औद्योगिक क्षेत्रों का विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उनकी ओर से उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।

इस अवसर पर उनके साथ खास तौर पर आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, पार्षद दीपक शारदा, पार्षद विजय भाटिया और पूर्व पार्षद जगदीश समराय के अलावा राम बाग इंडस्ट्रलिस्ट एसोसिएशन के उद्योगपति विनय जोशी, श्रीपाल जैन, सुभाष गांधी, सुखपाल सिंह, श्री रत्ती, अशोक और संजय गुप्ता सहित अन्य उद्योगपति मौजूद रहे। उद्योगपतियों ने मेयर के समक्ष अपनी समस्याएं रखने और उनके समाधान का भरोसा मिलने पर आभार व्यक्त किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page