• Fri. Nov 20th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर पहुंचे डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों, सुशील रिंकू के घर जाकर की मुलाकात

ByAdmin

Nov 20, 2026

राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों आज जालंधर दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान बाबा सबसे पहले जालंधर कैंट में पंजाब कांग्रेस नेता परगट सिंह के आवास पर पहुंचे। यहां परगट सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों पूर्व सांसद और भाजपा नेता सुशील रिंकू के घर भी पहुंचे। बाबा के जालंधर पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में संगत उनके दर्शन करने के लिए पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों सुबह सबसे पहले परगट सिंह के जालंधर कैंट स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच मुलाकात हुई। सामने आई तस्वीरों में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों और परगट सिंह एक कमरे में बैठकर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। परगट सिंह की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद बाबा ढिल्लों भाजपा नेता और पूर्व सांसद सुशील रिंकू के आवास पर पहुंचे। यहां भी संगत उनके दर्शन के लिए मौजूद रही।

बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि संगत फर्श पर बैठकर बाबा जी के आने का इंतजार कर रही है। इस दौरान श्रद्धालुओं की ओर से भजन-कीर्तन किया गया और माहौल भक्तिमय बना रहा। बाबा के आगमन को लेकर संगत में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके दर्शन करने के लिए श्रद्धालु काफी देर तक इंतजार करते नजर आए।

बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का यह जालंधर दौरा राजनीतिक दौरा नहीं बताया जा रहा है। परगट सिंह और सुशील रिंकू से मुलाकात के बाद बाबा के डेरा सत्संग में पहुंचने का कार्यक्रम है। वहां पहले से ही बड़ी संख्या में संगत उनके दर्शन के लिए पहुंचने को उत्साहित है।

बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों राधा स्वामी सत्संग ब्यास (RSSB) के प्रमुख आध्यात्मिक चेहरों में शामिल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1990 में अपने चाचा महाराज चरण सिंह के बाद डेरा बाबा जयमल सिंह, ब्यास की जिम्मेदारी संभाली थी। सितंबर 2024 में उन्होंने जसदीप सिंह गिल को अपना उत्तराधिकारी मनोनीत किया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page