पंजाब के लुधियाना जिले में पराली जलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोराहा के जैपुरा गांव के पास खेतों से उठे धुएं ने सड़क को पूरी तरह ढक लिया, जिसके चलते दो मोटरसाइकिलों और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद वाहनों में आग लग गई। इस घटना में एक महिला की जान चली गई, जबकि तीन लोग बुरी तरह झुलसकर घायल हो गए।
मृतका की पहचान शाहपुर निवासी 55 वर्षीय मनजीत कौर के रूप में हुई है। हादसे में उनके पति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, अन्य घायलों की पहचान पायल निवासी जसपाल सिंह और सुरिंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों का दोराहा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, किसान गुरदीप सिंह के खेत में धान की पराली जलाई गई थी। खेत गांव की लिंक सड़क के बिल्कुल नजदीक स्थित है। पराली से निकला घना धुआं सड़क पर फैल गया, जिससे वाहन चालकों को सामने का रास्ता दिखाई देना बंद हो गया। इसी दौरान एक कार और दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें
सड़क से उछलकर खेत में जा गिरीं।
हादसे के बाद मोटरसाइकिलों से निकले पेट्रोल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। कार चालक ने आग की चपेट में आए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें काफी तेज थीं। इसके बाद वह मदद मांगने के लिए पास के गुरुद्वारा साहिब पहुंचा और वहां मुनादी करवाई।
मुनादी सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायलों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक मनजीत कौर की मौत हो चुकी थी। हादसे में तीन अन्य लोग झुलस गए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी हरमनप्रीत सिंह ने बताया कि खेत में पराली जलाने के कारण सड़क पर धुआं फैलने से यह हादसा हुआ। पुलिस संबंधित किसान गुरदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
