• Sat. May 30th, 2026

लॉ गेट के बाहर RTI सिमरनजीत सिंह एक्टिविस्ट की हत्या, DIG नवीन सिंगला का आया बड़ा बयान

ByPunjab Khabar Live

May 30, 2026

फगवाड़ा स्थित लॉ गेट के बाहर जालंधर के RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस संबंध में DIG नवीन सिंगला का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

DIG नवीन सिंगला ने बताया कि थाना सतनामपुरा पुलिस को शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान मृतक की पहचान जालंधर निवासी RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह के रूप में की। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से .32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है, जबकि मृतक की फॉर्च्यूनर गाड़ी से 12 बोर की राइफल भी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए काउंटर इंटेलिजेंस की सहायता भी ली जा रही है।

जांच में सामने आया है कि सिमरनजीत सिंह अपनी फॉर्च्यूनर कार में लॉ गेट पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले में सिमरनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। जांच एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page