• Tue. Sep 8th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

लुधियाना नगर निगम में थप्पड़ कांड, पार्षद और इंजीनियर के बीच हाथापाई

ByPunjab Khabar Live

Jun 10, 2026

लुधियाना के नगर निगम ज़ोन बी कार्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शिरोमणि अकाली दल के पार्षद कमल अरोड़ा और सुपरिटेंडेंट इंजीनियर प्रवीण सिंगला के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान पार्षद ने इंजीनियर को उनके कार्यालय में थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद प्रवीण सिंगला बिना किसी से बात किए कार्यालय से चले गए।

पार्षद कमल अरोड़ा का कहना है कि वह अपने वार्ड नंबर 20 से संबंधित विकास कार्यों और फाइलों के मामले में नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रवीण सिंगला से लंबित फाइलों को मंजूरी देने की बात कही, लेकिन अधिकारी ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 20 की कई फाइलें लंबे समय से प्रवीण सिंगला के पास लंबित थीं। उनका कहना है कि कई बार फाइलें पास करने की मांग की गई, लेकिन अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और हाथापाई की नौबत आ गई।

इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर नीरज जैन ने कहा कि फिलहाल उन्हें मामले की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी से बातचीत के बाद ही घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page