• Mon. Jun 29th, 2026

पंजाब मूल के तीन दोषियों पर ब्रिटेन की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट ने सुनाई इतने साल की सजा

ByPunjab Khabar Live

Jun 29, 2026

ब्रिटेन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस की लंबी जांच के बाद पंजाब मूल के तीन लोगों को हेरोइन और क्रैक कोकीन की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का संचालन करने का दोषी ठहराया गया है। क्रॉयडन क्राउन कोर्ट ने तीनों आरोपियों को मिलाकर 22 वर्ष से अधिक की जेल की सजा सुनाई है। अदालत ने माना कि यह गिरोह पश्चिमी लंदन में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

अदालत ने पुरशोतम ढिल्लों (59) को 7 वर्ष, हरदीप थिंद उर्फ हैरी सिंह (48) को 12 वर्ष 6 महीने और बिक्रमजीत बराड़ (46) को 3 वर्ष 4 महीने की जेल की सजा सुनाई। जांच में तीनों की भूमिका संगठित ड्रग्स नेटवर्क के सक्रिय सदस्यों के रूप में सामने आई।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय पुरशोतम ढिल्लों सेवारत मजिस्ट्रेट थे। जांच में खुलासा हुआ कि उन्होंने अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग करते हुए ड्रग्स नेटवर्क को मदद पहुंचाई। मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव इंस्पेक्टर मार्क गैविन ने कहा कि एक मजिस्ट्रेट के रूप में ढिल्लों ने जनता के भरोसे को गंभीर रूप से ठेस पहुंचाई है और यह मामला साबित करता है कि कानून से ऊपर कोई भी नहीं है।

पुलिस ने अक्टूबर 2024 से जुलाई 2025 के बीच सक्रिय इस नेटवर्क का पर्दाफाश कॉल डेटा रिकॉर्ड, फोरेंसिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन डेटा और डिजिटल जांच के आधार पर किया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने लंदन के विभिन्न इलाकों में 1 लाख पाउंड (करीब 1.24 करोड़ रुपये) से अधिक मूल्य की हेरोइन और क्रैक कोकीन की सप्लाई की थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि हरदीप थिंद पहले से ही हेरोइन और कोकीन की तस्करी के साथ-साथ प्रतिबंधित स्कॉर्पियन सब-मशीन गन रखने के मामले में 17 वर्ष की जेल की सजा काट रहा था। इस नए मामले में दोषी पाए जाने के बाद उसकी सजा में और इजाफा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page