
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने जन्मसिद्ध नागरिकता को लेकर एक महत्वपूर्ण संवैधानिक फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अमेरिका में जन्म लेने वाला प्रत्येक बच्चा जन्म के साथ ही अमेरिकी नागरिक होगा, भले ही उसके माता-पिता देश में अवैध रूप से रह रहे हों या अस्थायी वीजा पर अमेरिका आए हों।
सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस कार्यकारी आदेश को खारिज कर दिया, जिसमें ऐसे बच्चों को जन्म के आधार पर अमेरिकी नागरिकता देने से इनकार किया गया था। अदालत ने 5-4 के बहुमत से यह फैसला सुनाया। मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने बहुमत का निर्णय लिखा।
अदालत ने अपने फैसले में अमेरिकी संविधान के 14वें संशोधन के तहत मिले जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार को बरकरार रखा। इस संवैधानिक प्रावधान के अनुसार, अमेरिका की धरती पर जन्म लेने वाला हर बच्चा स्वतः अमेरिकी नागरिक माना जाता है।
अमेरिका में यह व्यवस्था पिछले 158 वर्षों से लागू है। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद जन्मसिद्ध नागरिकता की यह संवैधानिक व्यवस्था पहले की तरह प्रभावी रहेगी और इस अधिकार में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।

