• Fri. Jul 17th, 2026

जालंधरः रेलवे स्टेशन का उद्धघाटन, पगड़ी पहन पीएम मोदी ने जीता दिल, पंजाबी में की शुरुआत, लोगों में उत्साह

ByPunjab Khabar Live

Jul 17, 2026

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने और PGI में 10 प्रोजेक्ट का शिलान्यास व उद्घाटन करने के बाद जालंधर पहुंचे। जालंधर में उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर जालंधर कैंट के साथ 75 रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन किया है। इसके अलावा अमृतसर-वाराणसी के लिए ट्रेन को हरि झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में की। उन्होंने पंजाबी में बोलते हुए कहा- पंजाबियों, किवें हो? चढ़दी कलां च हो या नहीं?

इसके बाद उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के एक नए उत्सव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्हें जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अवसर मिला, जबकि कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी किया, जो गुरुओं के इतिहास, विचारों और विरासत के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के लोगों की सराहना करते हुए स्वच्छता से स्वागत की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को यहां के लोगों ने सही मायनों में अपनाया है। प्रधानमंत्री ने तेजा सिंह समुद्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक की सेवा, जीवन को आसान बनाना और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार ‘नागरिक देवो भवः’ के मंत्र पर कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की वीरभूमि है, लेकिन आज यहां कानून-व्यवस्था गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गैंगवार, फायरिंग और नशे की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापार करना भी कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं और नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग बदलाव के दावे करते हैं, जबकि हाल ही में उनके एक नेता को अदालत ने दंगा मामले में दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसलों पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page