विदेश की धरती पर रोजी-रोटी कमाने गए पंजाब के एक और नौजवान की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई है। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के रहने वाले 27 वर्षीय पंजाबी ट्रक ड्राइवर गुरकीरत सिंह खरौड़ की अमेरिका में दूसरे ट्रक की चपेट में आने से जान चली गई। इस दुखद खबर के सामने आते ही फतेहगढ़ साहिब स्थित उनके पैतृक गांव और परिवार में मातम पसर गया है।
ट्रक का टायर चेक करते समय दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, गुरकीरत सिंह खरौड़ अमेरिका में ट्रक ड्राइविंग का काम करते थे। हादसे के वक्त वह अपना ट्रक रोककर उसके टायर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे या बगल से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरकीरत सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मोंटाना निवासी चालक ने तेज हवा को बताया हादसे की वजह, जांच जारी
इस मामले में दूसरे ट्रक के 30 वर्षीय ड्राइवर की पहचान सामने आई है, जो बिलिंग्स (मोंटाना) का निवासी बताया जा रहा है और कथित तौर पर पीटरबिल्ट ट्रक चला रहा था। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक ने पुलिस के समक्ष दावा किया है कि सड़क पर चल रही तेज हवा के कारण उसका ट्रक पर से संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि, स्थानीय पुलिस प्रशासन और संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा हादसे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

