कनाडा के ब्रैम्पटन स्थित एक रेस्तरां के भीतर हुए हिंसक विवाद और गोलीबारी के मामले में पील रीजनल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ब्रैम्पटन निवासी 29 वर्षीय प्रभजोत नागरा और 34 वर्षीय गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पंजाबी मूल के बताए जा रहे हैं।
कहासुनी के बाद सिर पर मारा हथियार और चलाई गोली
पील रीजनल पुलिस के अधिकारियों ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी घटना 10 अक्टूबर को तड़के करीब 1:27 बजे एयरपोर्ट रोड और कोट्रेल बुलेवार्ड के नजदीक स्थित एक रेस्तरां में घटित हुई थी। रेस्तरां के भीतर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जांचकर्ताओं के अनुसार, रेस्तरां के अंदर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति के सिर पर कथित तौर पर किसी हथियार से वार किया गया और इसी बीच फायरिंग भी की गई।
घायल की हालत खतरे से बाहर, जांच जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस हिंसक हमले और गोलीबारी में पीड़ित व्यक्ति को चोटें आई हैं, लेकिन गनीमत रही कि वे जानलेवा नहीं थीं और उसकी हालत स्थिर है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी, जिसके बाद अब प्रभजोत नागरा और गुरविंदर सिंह को काबू कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और हथियार की बरामदगी को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।

