• Mon. Sep 7th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

कनाडा में पंजाबी युवती की हत्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

ByPunjab Khabar Live

Jul 24, 2026

कनाडा के एडमिंटन शहर में पंजाब की एक 23 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच हुए विवाद के दौरान आरोपी ने युवती का गला घोंट दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और पैरामेडिकल टीम मौके पर पहुंची और युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया है।

मृतका की पहचान दमनप्रीत कौर (23) के रूप में हुई है, जो पंजाब के लुधियाना जिले के समराला स्थित गांव लाल कलां की रहने वाली थी। आरोपी रितेश (22) दिल्ली का निवासी बताया जा रहा है। परिवार के अनुसार, दमनप्रीत को बेहतर भविष्य के लिए करीब पांच वर्ष पहले कनाडा भेजा गया था। इसके लिए उसके पिता, जो एक गुरुद्वारे में पाठी हैं, ने जमीन बेचकर खर्च का इंतजाम किया था।

जानकारी के मुताबिक, 9 जुलाई की शाम करीब 6:44 बजे एडमिंटन पुलिस को सिल्वरबेरी इलाके के एक मकान से इमरजेंसी कॉल मिली। पुलिस और मेडिकल टीम जब मौके पर पहुंची तो दमनप्रीत कौर बेहोशी की हालत में मिली। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 12 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

14 जुलाई को मेडिकल एग्जामिनर द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में स्पष्ट हुआ कि दमनप्रीत की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि गला घोंटने के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने जांच को हत्या के मामले में बदलते हुए आरोपी रितेश को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page