आम आदमी पार्टी द्वारा जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र का नया हलका इंचार्ज नियुक्त किए जाने के बाद शहर के मेयर वनीत धीर ने रविवार को ‘शुक्राना यात्रा’ निकाली। यात्रा के दौरान क्षेत्र के लोगों ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
शुक्राना यात्रा के दौरान वनीत धीर ने श्री देवी तालाब मंदिर, श्री सिद्ध बाबा सोढल मंदिर, गुरुद्वारा सिंह सभा प्रीत नगर और गुरुद्वारा सोढल छावनी में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश में शांति, समृद्धि और लोगों की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर वनीत धीर ने नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ खरा उतरेंगे।
वनीत धीर ने कहा कि आने वाले दिनों में जालंधर नॉर्थ में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत वह घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में पहले से ही जालंधर नॉर्थ में कई विकास कार्य चल रहे हैं। अब हलका इंचार्ज की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद क्षेत्र के विकास को और अधिक गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बर्लटन पार्क परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।
वनीत धीर ने कहा कि हलके में सीवरेज, पेयजल और सड़कों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। जिन इलाकों में नए ट्यूबवेल और बिजली ट्रांसफार्मर की जरूरत है, वहां जल्द आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, श्वेता धीर, पार्षद मुकेश सेठी, अश्विनी अग्रवाल, कविता सेठ, सिमरौनी, दीपक शारदा, लाडा, दविंदर सिंह रोनी, सिमर मलिक, बाल किशन बाली, जिम्मी कालिया, पंकज चड्ढा, रूपिंदर सिंह भारज, नरेश सहगल, चंदन गोयल, इंदरजीत सिंह, गौरव कन्नोजिया, राजेश ठाकुर, अविनाश सहित आम आदमी पार्टी के कई पार्षद, ब्लॉक प्रधान और पदाधिकारी मौजूद रहे।

