पंजाब में विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहे हैं, कांग्रेस के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है। दो दिन पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की रैली के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के समर्थन में नारे लगे थे। अब अमृतसर में चन्नी के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं।
इससे पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। बुधवार सुबह शहर के कंपनी बाग के बाहर लगे पोस्टरों में चन्नी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्थक बताते हुए उन पर भारतीय जनता पार्टी का साथ देने का आरोप लगाया गया। पोस्टर पर लिखा है, “सामने आओ चन्नी जी, तुमने बीजेपी की क्यों मानी जी?” वहीं दूसरे पोस्टर में लिखा “घर-घर दे विच चली गल, चन्नी चल्या भाजपा वल।” अन्य पोस्टर में लिखा है, “राहुल गांधी से कांग्रेसियों की एक ही पुकार, चन्नी को कांग्रेस से करो बाहर।” सुबह राहगीरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजर जैसे ही इन पोस्टरों पर पड़ी, उनकी चर्चा शुरू हो गई।

