• Wed. Sep 23rd, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

रूस जाकर बर्बाद हो गई जिंदगी! जालंधर के युवक की भावुक अपील- ‘भाई, यहां मत आओ’

ByAdmin

Aug 6, 2026

जालंधर के एक युवक की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो ने विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर होने वाले कथित फर्जीवाड़े को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बेहतर नौकरी की उम्मीद में रूस पहुंचे आकाशदीप ने एक ट्रैवल एजेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पांच अलग-अलग वीडियो जारी कर अपनी पूरी यात्रा और रूस पहुंचने के बाद की स्थिति बताई है। वीडियो में वह युवाओं से अपील करता दिखाई दे रहा है कि एजेंटों के झांसे में आकर रूस न आएं।

आकाशदीप का आरोप है कि ट्रैवल एजेंट पवन कुमार ने उसका रूस का वीजा लगवाया और भरोसा दिलाया कि मॉस्को में उसे फल तोड़ने का काम मिलेगा। युवक के मुताबिक वह 15 जून को दिल्ली से मॉस्को पहुंचा, जहां एयरपोर्ट पर एजेंट का एक व्यक्ति उसे लेने आया। इसके बाद उसे और भारत के अन्य राज्यों से पहुंचे कई युवकों को शहर से दूर जंगल के बीच स्थित एक बेहद खराब ठिकाने पर छोड़ दिया गया, जहां रहने की भी उचित व्यवस्था नहीं थी।

युवक ने दावा किया कि वहां हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों के युवक भी मौजूद हैं। उसने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को धोखे से रूस बुलाया जा रहा है और बाद में उन्हें जबरन रूसी सेना में भर्ती कराने की कोशिश की जा रही है। आकाशदीप ने कहा कि वह और उसके साथ मौजूद कई युवक खुद को असहाय और फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं।

आकाशदीप ने वीडियो में भावुक होते हुए बताया कि उसकी मां भारत में अस्पताल में भर्ती है, जबकि वह रूस में फंसा हुआ है। उसने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी एजेंट के बहकावे में आकर विदेश न जाएं और पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही कोई फैसला लें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page