• Thu. Aug 6th, 2026

लुधियाना में कांग्रेस की बैठक बनी अखाड़ा! आशू समर्थकों और वड़िंग गुट में तीखी तकरार

ByAdmin

Aug 6, 2026

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के लोकसभा क्षेत्र लुधियाना में आयोजित पार्टी कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम में कुछ कांग्रेस समर्थक एआईसीसी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल की तस्वीर और ‘बघेल गो बैक’ लिखी टी-शर्ट पहनकर पहुंच गए। इससे कार्यक्रम का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई।

कार्यक्रम के दौरान मंच से पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस द्वारा चूड़ियां दिखाने का इशारा किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया। इसे देखकर पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू के समर्थक भड़क उठे और उन्होंने भी जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। खास बात यह रही कि हाल ही में हाईकमान की फटकार के बाद इस बार नारेबाजी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बजाय उनके करीबी भारत भूषण आशू के समर्थन में सुनाई दी।

भारत भूषण आशू के समर्थकों का आरोप है कि राजा वड़िंग ने इशारों-इशारों में उन्हें उकसाया, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। वहीं, राजा वड़िंग ने मंच से नारेबाजी करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्हें “आरएसएस के चमचे” बताया और कार्यक्रम से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों गुटों के बीच माहौल और अधिक गरमा गया।

राजा वड़िंग ने अपने संबोधन में बिना नाम लिए भारत भूषण आशू पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी दावा करते थे कि लुधियाना में पूरी कांग्रेस उनकी जेब में है, वही छह की छह सीटें हार गए। उन्होंने यह भी कहा कि मेयर और चेयरमैन बनाने वाले नेताओं का दावा करने वालों का प्रदर्शन सबके सामने है। वड़िंग ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में हुई पूरी घटना की रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page